सिसवा बाजार-महराजगंज। सिसवा बाजार और घुघली के बीच मटियरिया गांव के सामने रेलवे ट्रैक पर आज गुरुवार की शाम करीब 25 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर कोठीभार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को रेलवे ट्रैक से हटाकर किनारे कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज गुरुवार की शाम सिसवा बाजार रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक को ट्रेन संख्या 19725 के चालक ने सूचना दी कि सिसवा बाजार-घुघली रेलखंड पर किलोमीटर संख्या 337/17 के पास रेलवे ट्रैक के बीच एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। इसके बाद स्टेशन अधीक्षक की सूचना पर कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस सोशल मीडिया के माध्यम से भी मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।


