October 15, 2026
मिशन शक्ति अभियान: महराजगंज में प्रिया द्विवेदी ने संभाली एक दिन के लिए डीएम की कुर्सी, सुनीं जनसमस्याएं

महराजगंज। मिशन शक्ति 6.0 अभियान के तहत बेटियों को प्रशासनिक कार्यप्रणाली से परिचित कराने, उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा उनका आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से महिला कल्याण विभाग के तत्वावधान में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के निर्देश पर भिटौली निवासी कक्षा 12 की छात्रा प्रिया द्विवेदी को एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया। इस दौरान छात्रा ने जिलाधिकारी की कुर्सी पर बैठकर जनसुनवाई की और विभिन्न मामलों में संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

एक दिन की जिलाधिकारी के रूप में प्रिया द्विवेदी ने जनसुनवाई के दौरान लगभग 10-12 मामलों की सुनवाई की। इस दौरान उन्होंने परसा गिदही निवासी कुसुमवती के अंश निर्धारण संबंधी प्रकरण में अनावश्यक विलंब न करते हुए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित हल्का लेखपाल को निर्देशित किया। इसी प्रकार ग्राम पंचायत नेता सुरहुरवा में साफ-सफाई न होने की शिकायत पर जिला पंचायतराज अधिकारी को नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। वहीं, सिसवा नगर पालिका क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत पर तहसीलदार निचलौल को प्रभावी कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटवाने के लिए कहा।

जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी श्री गौरव सिंह सोगरवाल लगातार छात्रा का मार्गदर्शन करते रहे। उन्होंने शिकायतों को सुनने, उनके तथ्यों को समझने, प्रकरणों को संबंधित विभाग के कार्यालयाध्यक्ष को संदर्भित करने तथा उनके निस्तारण की प्रक्रिया के विषय में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही जिलास्तरीय अधिकारियों के अधिकारों, दायित्वों और प्रशासनिक निर्णय लेने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासनिक व्यवस्था में जनसमस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना तथा प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना अत्यंत महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा शारदीय नवरात्रि के दौरान प्रत्येक दिन विभिन्न थीम पर महिला सशक्तिकरण के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज छात्रा प्रिया को एक दिन का डीएम मनोनीत किया गया। इस पहल का उद्देश्य हमारी बहनों और बेटियों को प्रशासनिक कार्यों से परिचित कराना तथा उन्हें अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। आशा है कि इस अनुभव से बेटियों को जीवन में बेहतर करने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने छात्रा प्रिया द्विवेदी को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह कक्षा 12 में जीव विज्ञान की छात्रा हैं और भविष्य में नीट की तैयारी करना चाहती हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रिया नीट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने परिवार और जनपद का नाम रोशन करेंगी।

जनसुनवाई के बाद मीडिया से बातचीत में प्रिया द्विवेदी ने कहा कि एक दिन का जिलाधिकारी बनकर उन्हें प्रशासनिक कार्यों को बेहद करीब से समझने का अवसर मिला। जिलाधिकारी की कुर्सी पर बैठकर उन्हें गर्व की अनुभूति हुई। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी महोदय ने पूरी सुनवाई के दौरान उनका मार्गदर्शन किया और आत्मीयता के साथ प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जानकारी दी। इसके लिए उन्होंने जिलाधिकारी एवं महिला कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी क्षमानाथ राय ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत विभिन्न थीम पर लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में छात्रा प्रिया द्विवेदी को एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया। इसका उद्देश्य बेटियों को प्रशासनिक कार्यप्रणाली और विभिन्न विभागों की भूमिका से परिचित कराकर उनका मनोबल बढ़ाना, आत्मविश्वास विकसित करना तथा उन्हें भविष्य में बेहतर उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करना है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!