गोरखपुर। स्थानीय महानगर स्थित सेण्ट ऐण्ड्रयूज कॉलेज में सेवा संकल्प अभियान एवं मिशन शक्ति के अंतर्गत कैडेटों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु 45 यूपी बटालियन एवं 15 यूपी बटालियन गर्ल्स NCC के संयुक्त तत्वावधान में आज बृहस्पतिवार को एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अर्थशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर राहुल श्रीवास्तव उपस्थित रहे। कार्यक्रम कैप्टन प्रोफेसर निधि लाल एवं लेफ्टिनेंट प्रोफेसर अमित मसीह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ तथा इसके संयोजक प्रोफेसर जे0 के0 पाण्डेय रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की परंपरा के अनुसार मिशन शक्ति 5 की समन्वयक कैप्टन प्रोफेसर निधि लाल द्वारा कॉलेज डायरी में उल्लिखित प्रार्थना से किया गया। इसके पश्चात एनसीसी कैडेट्स ( NCC Cadets ) द्वारा अतिथियों एवं प्राध्यापकों का बैज अलंकरण किया गया। कार्यक्रम के संयोजक प्रोफेसर जे0 के0 पाण्डेय ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
मुख्य अतिथि प्रोफेसर राहुल श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में वित्तीय समावेशन, सामाजिक सुरक्षा, आधारभूत संरचना विकास एवं डिजिटल इंडिया को विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रमुख स्तंभ बताते हुए इनके महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं के उद्देश्यों तथा नागरिकों के जीवन में उनकी उपयोगिता को रेखांकित किया।
इसके पश्चात कैप्टन प्रोफेसर निधि लाल ने महिला सशक्तीकरण से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की। उन्होंने महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण तथा उनके विकास के लिए संचालित योजनाओं के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में ऑपरेशन गरुड़, ऑपरेशन बचपन, ऑपरेशन मजनू, ऑपरेशन रक्षक एवं ऑपरेशन ईगल सहित महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित अभियानों की जानकारी देकर छात्राओं को जागरूक रहने और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य अतिथि प्रोफेसर राहुल श्रीवास्तव को प्रोफेसर जे0 के0 पाण्डेय, कैप्टन प्रोफेसर निधि लाल एवं लेफ्टिनेंट प्रोफेसर अमित मसीह द्वारा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। अंत में लेफ्टिनेंट प्रोफेसर अमित मसीह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन एनवायरनमेंटल एनालिटिकल रिसर्च लैब की प्रोजेक्ट असिस्टेंट मिस तहरीम फातिमा ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में रिसर्च स्कॉलर्स मिस शिवांगी श्रीवास्तव एवं मिस खुशी उपाध्याय, डॉ0 हरिकेश कुमार, चंद्रेश गुप्ता तथा यानोष जॉय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।




