सिसवा बाजार-महराजगंज। सिसवा नगर पालिका परिषद के विकास के लिए शासन ने 2 करोड, 57 लाख, 16 हजार 620 रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। स्वीकृत धनराशि से नगर पालिका क्षेत्र में डिजिटल स्टडी सेंटर एवं लाइब्रेरी के निर्माण के साथ ही विद्यालयों के कायाकल्प, स्मार्ट क्लास, सीसी रोड और नाली निर्माण समेत कई विकास कार्य कराए जाएंगे।
शासन से मिली स्वीकृति के अनुसार नगर पालिका कार्यालय परिसर, वार्ड नंबर 19 शिवाजी नगर में डिजिटल स्टडी सेंटर एवं लाइब्रेरी का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा वार्ड नंबर 6 आजाद नगर के मुसहरी टोला, वार्ड नंबर 20 दीनदयाल उपाध्याय नगर के सबया दक्षिण टोला में स्थित प्राथमिक विद्यालयों का कायाकल्प और स्मार्ट क्लास का निर्माण किया जाएगा।
वहीं वार्ड नंबर 13 देवी नगर के देवीयापुर, वार्ड नंबर 9 सरोजिनी नगर के बरवा शालिग्राम तथा वार्ड नंबर 14 मुखर्जी नगर के बैजनाथपुर स्थित प्राथमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के कायाकल्प और स्मार्ट क्लास निर्माण की भी स्वीकृति मिल गई है। इसके साथ ही नगर के विभिन्न क्षेत्रों में सीसी रोड, नाली और अन्य आवश्यक विकास कार्य भी कराए जाएंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष शकुंतला जायसवाल एवं प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने कहा कि शासन द्वारा सिसवा नगर पालिका के विकास कार्यों के लिए धनराशि आवंटन की स्वीकृति मिलना नगरवासियों के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद परिसर में बनने वाला डिजिटल स्टडी सेंटर एवं लाइब्रेरी युवाओं और छात्रों के लिए शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का एक बेहतर केंद्र साबित होगा।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और स्वीकृत परियोजनाओं के पूरा होने से शिक्षा, सड़क और बुनियादी सुविधाओं में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।

