सिसवा बाजार-महराजगंज। सिसवा नगर पालिका क्षेत्र के बच्चों और युवाओं के लिए एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। नगर पालिका परिषद कार्यालय परिसर में आगामी 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर निःशुल्क डिजिटल स्टडी सेंटर एवं लाइब्रेरी का शिलान्यास किया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष शकुंतला जायसवाल एवं प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने बताया कि यह डिजिटल स्टडी सेंटर और लाइब्रेरी पूरी तरह निःशुल्क होगी, जिससे क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर अध्ययन का वातावरण मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा, ज्ञान और आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए उन्हें आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करना है। लाइब्रेरी में छात्र-छात्राएं पुस्तकों के साथ-साथ कंप्यूटर और अन्य डिजिटल संसाधनों का भी उपयोग कर सकेंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि डिजिटल स्टडी सेंटर के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा और सामान्य ज्ञान की तैयारी में भी काफी मदद मिलेगी। इससे युवाओं को अपने ज्ञान का विस्तार करने और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सिसवा नगर क्षेत्र के लोगों के लिए यह एक नई और महत्वपूर्ण सौगात है। नगर पालिका का प्रयास है कि युवाओं को बेहतर शिक्षा और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए एक मजबूत मंच दिया जाए।
15 अगस्त को होने वाला डिजिटल स्टडी सेंटर एवं लाइब्रेरी का शिलान्यास सिसवा के शैक्षणिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

