October 24, 2026
रेलवे भर्ती परीक्षा पास कर नीतीश चौहान ने बढ़ाया माता-पिता, गुरुजनों और क्षेत्र का मान

कसया-कुशीनगर। रामकोला विकास खंड के रामबर बुजुर्ग स्थित एमडी इंटर कॉलेज में पढ़ाई करने वाले छात्र नीतीश चौहान पुत्र सुखल चौहान ने पारिवारिक विसंगतियों और चुनौतियों से जूझते हुए रेलवे भर्ती परीक्षा उत्तीर्ण कर अपनी प्रतिभा और मेहनत का परिचय दिया है।

उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ विद्यालय, गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। नीतीश की सफलता को लेकर लोगों में उत्साह है और उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं। गुरुवार को एमडी इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रबंधक बलराम राव ने सफल छात्र नीतीश चौहान को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

इस दौरान उन्होंने छात्र की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर सफलता प्राप्त करना गर्व की बात है। नीतीश ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति से यह साबित किया है कि विपरीत परिस्थितियां भी किसी व्यक्ति के हौसले को नहीं रोक सकतीं। उन्होंने कहा कि नीतीश चौहान की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे जीवन में आने वाली कठिनाइयों से घबराने के बजाय निरंतर मेहनत करें और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूरी निष्ठा से प्रयासरत रहें। शिक्षा और परिश्रम के बल पर ही जीवन में नई ऊंचाइयों को हासिल किया जा सकता है।

प्रबंधक बलराम राव ने नीतीश के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वह इसी तरह निरंतर आगे बढ़ते रहें और जीवन में नई-नई उपलब्धियां हासिल करें। उनकी सफलता से माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान बढ़ा है, वहीं रामबर बुजुर्ग गांव सहित पूरे क्षेत्र का गौरव भी बढ़ा है।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य,अमरेंद्र चौबे, वरिष्ठ शिक्षक रमेश यादव, कृष्णा कुशवाहा, दिवाकर सिंह, अशोक यादव, शिवप्रताप, राहुल पटेल, शशिकांत, सर्वेश, आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!