सिसवा बाजार-महराजगंज। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा बुधवार को घोषित कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणामों में स्थानीय नगर के स्टर्लिंग पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय के मेधावी छात्र सत्यांश जायसवाल ने 94.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल स्कूल में टॉप किया, बल्कि पूरे महराजगंज जिले में तीसरा स्थान हासिल कर गौरव बढ़ाया है।
विद्यालय प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार, आदित्य जायसवाल ने 91.6 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय, अक्षित चौरसिया 88 प्रतिशत अंक के साथ तृतीय तथा प्राची तुलस्यान ने 87.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में चौथे स्थान पर रही।
बताते चले कि सत्यांश जायसवाल ने गणित में 96 अंक, हिंदी, रसायन विज्ञान एवं भौतिक विज्ञान में 95 अंक, अंग्रेजी में 92 अंक, आदित्य जायसवाल ने अकाउंटेंसी मे 96 अंक, अंग्रेजी में 92 अंक, हिंदी में 91 अंक, प्राची तुलस्यान ने अर्थशास्त्र में 92 अंक तथा अक्षित चौरसिया ने व्यवसाय अध्ययन मे 92 अंक एवं अंग्रेजी में 92 अंक प्राप्त करके विद्यालय एवं क्षेत्र का मान बढ़ाया।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंधक एन0बी0 पाल एवं प्राधानाचार्य रविन्द्र सिंह ने बच्चों को मिठाई खिलाकर उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर प्रदीप सिंह, संजय सिंह, उमेश यादव, अफजल खान, अमित कुमार एवं सुखारी यादव उपस्थित रहे।




