July 7, 2026
भाजपा की मासिक बैठक में संगठनात्मक मजबूती पर जोर, डिजिटल प्रशिक्षण अभियान को गति देने का आह्वान

कसया-कुशीनगर। भारतीय जनता पार्टी कसया मंडल की मासिक संगठनात्मक बैठक मंगलवार को राम-जानकी मठ, कसया में आयोजित हुई। बैठक में पंडित दीनदयाल उपाध्याय डिजिटल प्रशिक्षण अभियान, संगठन के आगामी कार्यक्रमों, बूथ सशक्तिकरण, वृक्षारोपण अभियान तथा विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए पदाधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला मंत्री विश्वरंजन कुमार आनंद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक वैचारिक राजनीतिक दल है, जो अपने कार्यकर्ताओं को निरंतर वैचारिक एवं संगठनात्मक रूप से सशक्त बनाने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान एक महायज्ञ के समान है, जिसके माध्यम से कार्यकर्ताओं को वैचारिक, सामाजिक, सांगठनिक एवं तकनीकी रूप से प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं के विचार, व्यवहार और कर्तव्यबोध को परिष्कृत करने की सतत प्रक्रिया है।
उन्होंने बताया कि जिले के सभी 34 मंडलों तथा जिला प्रशिक्षण वर्ग का सफल आयोजन किया जा चुका है। अब मंडल कार्यसमिति से नीचे शक्ति केंद्र, बूथ समिति, पन्ना प्रमुख, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं सहित प्रत्येक सक्रिय कार्यकर्ता को ऑनलाइन माध्यम से ष्डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम (डीएलपी)ष् के जरिए प्रशिक्षण से जोड़ने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि जिन कार्यकर्ताओं ने पहले प्रशिक्षण प्राप्त किया है तथा जिन्होंने अब तक प्रशिक्षण नहीं लिया है, दोनों की सहभागिता इस अभियान में सुनिश्चित की जाएगी।

जिला उपाध्यक्ष डॉ. टी.एन. राव ने बूथ स्तर पर वृक्षारोपण अभियान, बूथ समितियों के भौतिक सत्यापन, पन्ना प्रमुखों की सक्रियता तथा संगठन के आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा करते हुए पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष अमरजीत कुशवाहा ने की तथा अंत में सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री शंभू प्रसाद गुप्ता ने किया।
इस अवसर पर जयप्रकाश दुबे, पवन कुमार दुबे, सत्यनारायण निषाद, उदयभान सिंह, राजकुमार, अजीत गुप्ता, सूरज वर्मा, राजन चौधरी, धीरेंद्र सिंह सेंगर, अमरेंद्र राव सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!