गोरखपुर। स्थानीय महानगर स्थित सेण्ट ऐण्ड्रयूज कॉलेज में एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। कॉलेज शासी निकाय (Governing Body) के पदेन अध्यक्ष और चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया (CNI) के लखनऊ डायोसिस के बिशप, दि राइट रेव्ह मॉरिस एडगर डान द्वारा जारी एक आधिकारिक आदेश के तहत प्रोफेसर रायना निवेदिता सैमुएल को कॉलेज का नया कार्यवाहक प्राचार्य और सचिव नियुक्त किया गया है।
प्रोफेसर रायना निवेदिता सैमुएल वर्तमान में कॉलेज के प्राणि विज्ञान (Zoology) विभाग में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। यह महत्वपूर्ण निर्णय उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में दीनदयाल उपाध्याय, गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति के आदेश के अनुपालन में लिया गया है। इस नए आदेश के साथ ही पूर्व कार्यवाहक प्राचार्य एवं सचिव प्रोफेसर एस0डी0 राजकुमार का सेवा कार्यकाल तत्काल प्रभाव से दिनांक 17-07-2026 को समाप्त कर दिया गया है और प्रोफेसर रायना निवेदिता सैमुएल को तुरंत कार्यभार संभालने का निर्देश दिया गया है। जिसके अनुपालन में प्रोफेसर रायना निवेदिता सैमुएल ने दिनांक 18-07-2026 को अपना पदभार ग्रहण कर लिया था परन्तु महाविद्यालय बन्द होने के कारण औपचारिकताए पूरी नहीं हो पायी। इसी क्रम में आज दिनांक 20-07-2026 को महाविद्यालय खुलने पर पूर्व कार्यवाहक प्राचार्य एवं सचिव प्रोफेसर एस. डी. राजकुमार ने प्रोफेसर रायना निवेदिता सैमुएल को प्राचार्या एवं सचिव का पदभार रेव्ह रौशन लाल, वाईस प्रेसिडेन्ट, लखनऊ डायसिस (सी०एन०आई०) एवं रेव्ह डी०आर० लाल, प्रेसबिटर इन्चार्ज, क्राइस्ट चर्च, गोरखपुर के मौजूदगी में सौपा।
कॉलेज प्रबंधन द्वारा इस प्रशासनिक और वित्तीय बदलाव की सुचारू रूप से तामीली के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी (RHEO), रजिस्ट्रार सोसायटीज सहित संबंधित बैंकों (इंडियन बैंक और एचडीएफसी बैंक) को आधिकारिक सूचना प्रतिलिपियां भेज दी गई हैं।
प्रोफेसर रायना निवेदिता सैमुएल के प्राचार्या के रूप में कार्यभार ग्रहण करने पर कालेज परिवार के सभी सदस्यों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रदान किया है और आशा प्रकट किया है कि आपके कुशल निर्देशन में कॉलेज निरंतर प्रगति करेगा।


