बारां। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, दड़ा में अदाणी फाउंडेशन के उड़ान प्रोजेक्ट का शुभारंभ समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, अटरू कालूलाल मीणा तथा अदाणी फाउंडेशन, कवाई के सीएसआर हेड एजाज फुलवाडिया रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य भूपेंद्र सिंह मीणा ने की। समारोह के उपरांत मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर विद्यार्थियों को अदाणी पावर राजस्थान लिमिटेड, कवाई के थर्मल पावर प्लांट के शैक्षणिक भ्रमण के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कालूलाल मीणा ने कहा कि इस प्रकार के औद्योगिक शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को कक्षा में प्राप्त ज्ञान को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर प्रदान करते हैं। ऐसे प्रयास विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, आत्मविश्वास तथा भविष्य के करियर के प्रति जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अदाणी फाउंडेशन के सीएसआर हेड एजाज फुलवाडिया ने बताया कि उड़ान प्रोजेक्टश् के अंतर्गत बारां जिले के सरकारी विद्यालयों के कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को अदाणी पावर प्लांट का पूर्णतः निःशुल्क शैक्षणिक भ्रमण कराया जाएगा। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को विद्यालय से प्लांट तक आने-जाने के लिए बस सुविधा, नाश्ता, दोपहर का भोजन तथा विशेषज्ञों द्वारा करियर मार्गदर्शन भी निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को विद्युत उत्पादन की प्रक्रिया, आधुनिक तकनीक, औद्योगिक कार्यप्रणाली, सुरक्षा मानकों तथा विभिन्न विभागों में उपलब्ध करियर अवसरों की जानकारी दी जाती है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग जगत से परिचित कराना, विभिन्न व्यवसायों की पहचान कराना तथा उन्हें अपने भविष्य के प्रति प्रेरित करना है।
उन्होंने बताया कि गत वित्तीय वर्ष में 136 विद्यालयों के 7,000 से अधिक विद्यार्थियों ने उड़ान प्रोजेक्ट के माध्यम से प्लांट का भ्रमण किया था। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से प्राप्त सकारात्मक अनुभवों को देखते हुए इस वर्ष भी यह पहल जारी रखी गई है।
पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी विजिट बुकिंग की प्रक्रिया ऑनलाइन रहेगी। बारां जिले के इच्छुक विद्यालय निम्न लिंक के माध्यम से अपनी विजिट बुक कर सकते हैं— बुकिंग लिंक: https://projectudaan.in/enquiry-now


