July 2, 2026
LPG सिलेंडर फटने से मचा हड़कंप, परिवार बाल-बाल बचा, छप्पर और गृहस्थी का सामान राख

कुशीनगर। रामकोला थाना क्षेत्र के सिधावें ग्रामसभा के भगत टोला में आज गुरुवार को LPG एलपीजी गैस सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हो गया। धमाके से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि घर के मुखिया उमेश कुशवाहा और उनका पूरा परिवार बाल-बाल बच गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट इतना तेज था कि रिहायशी छप्पर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और घर में रखा घरेलू सामान बुरी तरह नष्ट हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। घटना के बाद परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है। सूचना पर पहुंचे जिला पंचायत सदस्य बलिराम राव ने उच्च अधिकारियों से बात किया और कार्रवाई का आश्वासन दिया बलिराम राव ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा पात्रता के आधार पर प्रधानमंत्री आवास योजना अथवा अन्य सरकारी आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत करने की मांग की है। उनका कहना है कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और इस हादसे के बाद उनके सामने रहने और जीवनयापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

ग्रामीणों ने मुख्य विकास अधिकारी से मांग की है कि पीड़ित परिवार का सर्वे कराकर उन्हें शीघ्र ग्रामीण आवास उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे सुरक्षित आवास में अपना जीवन पुनः शुरू कर सकें।
घटना की सूचना मिलने के बाद हल्का लेखपाल द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। नुकसान का आकलन करने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!