सिसवा बाजार-महराजगंज। सिसवा नगर पालिका क्षेत्र के लोगों के लिए एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। नगर पालिका द्वारा क्षेत्रवासियों की स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एक एंबुलेंस और डेड बॉडी फ्रीज़र की व्यवस्था की गई है। आगामी 15 अगस्त को नगर पालिका अध्यक्ष शकुंतला जायसवाल द्वारा दोनों सुविधाओं को जनता को समर्पित किया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष शकुंतला जायसवाल और प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने बताया कि क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति में बेहतर और त्वरित सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। नगर पालिका की एंबुलेंस आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को सीधे सिसवा से गोरखपुर और लखनऊ तक ले जाने की सुविधा प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में मरीजों को सरकारी एंबुलेंस के माध्यम से कई बार सिसवा से महराजगंज और फिर वहां से गोरखपुर जाना पड़ता है, जिससे गंभीर मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नगर पालिका की इस नई एंबुलेंस सेवा से क्षेत्र के लोगों की यह बड़ी समस्या काफी हद तक दूर होगी।
इसके साथ ही नगर पालिका द्वारा डेड बॉडी फ्रीज़र की भी व्यवस्था की गई है। कई बार किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद उसके परिजन दूर-दराज में होने के कारण शव को कई घंटों तक सुरक्षित रखना पड़ता है। ऐसी स्थिति में परिजनों को शव को सुरक्षित रखने के लिए बर्फ की सिल्लियों का सहारा लेना पड़ता है और काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अब डेड बॉडी फ्रीज़र की सुविधा मिलने से शव को सुरक्षित रखने में लोगों को राहत मिलेगी।
नगर पालिका अध्यक्ष शकुंतला जायसवाल और प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने कहा कि जनता की इन महत्वपूर्ण समस्याओं को देखते हुए नगर पालिका ने यह पहल की है। 15 अगस्त के दिन एंबुलेंस और डेड बॉडी फ्रीज़र को औपचारिक रूप से जनता को समर्पित किया जाएगा।



