तमकुहीराज-कुशीनगर। थाना तमकुहीराज क्षेत्र के ग्राम चखनी खास में 1 अगस्त को हुई आदर्श चौहान उर्फ बुलेट की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू और दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त को आदर्श चौहान की पेट में चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतक के पिता की तहरीर पर पांच नामजद और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन गहन जांच में उनकी संलिप्तता नहीं मिली।
इसके बाद सर्विलांस, एसओजी, साइबर सेल और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल शुरू की। जांच के दौरान पांच अन्य आरोपियों के नाम प्रकाश में आए। पुलिस ने 7 अगस्त को अंगद पासवान, सतीश कुशवाहा, चंदन कुशवाहा और प्रीतम कुशवाहा को गिरफ्तार किया तथा एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस के समक्ष हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल की टाइमलाइन और भुगतान की तारीखों का मिलान किया, जिससे आरोपियों की संलिप्तता के संबंध में साक्ष्य मिलने का दावा किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, करीब 15 से 20 दिन पहले मृतक और आरोपियों के बीच कहासुनी व मारपीट हुई थी। इसी पुराने विवाद को लेकर आरोपियों ने आदर्श चौहान की चाकू मारकर हत्या कर दी।
मामले में थाना तमकुहीराज पर मु0अ0सं0 186/2026, धारा 103(2)/190/191(2)/191(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू के अलावा दो मोटरसाइकिल UP57CA3926 और UP57CE4940 भी बरामद की हैं।
इस कार्रवाई में थाना तमकुहीराज पुलिस के साथ स्वाट, साइबर सेल और सर्विलांस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक कुशीनगर ने सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक गिरीजेश उपाध्याय थाना तमकुहीराज, प्रभारी स्वाट उ0नि0 स्वत्रन्त सिंह, प्रभारी साइबर सेल उ0नि0 सुनील कुमार सिंह मय टीम, प्रभारी सर्विलांस उ0नि0 सन्नी दूबे जनपद कुशीनगर मय टीम, उ0नि0 मृत्युंजय सिंह चौकी प्रभारी डिब्नी बंजरवा मय टीम, उ0नि0 महेश मिश्रा चौकी प्रभारी कस्बा तमकुहीराज मय टीम, उ0नि0 अखिलेश यादव चौकी प्रभारी समउर मय टीम, उ0नि0 सौरभ गिरी थाना तमकुहीराज मय टीम, हे0का0 सूर्यकांत थाना तमकुहीराज, हे0का0 विजय कुमार चौधरी साइबर सेल, का0 अखिलेश गुप्ता साइबर सेल, का0 पकंज प्रजापति थाना तमकुहीराज, का0 जयनन्द यादव थाना तमकुहीराज, का0 सत्यप्रकाश यादव थाना तमकुहीराज जनपद कुशीनगर।

