कसया-कुशीनगर। भाजपा नेता पवन दुबे की अपील पर गुरुवार को कुशीनगर के सोहसा मठिया स्थित छोटी गंडक नदी के दाह संस्कार घाट पर हो रहे कटान का जायजा लेने के लिए कुशीनगर सांसद विजय कुमार दुबे, विधायक पीएन पाठक, उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य फुलबदन कुशवाहा, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुधीर राव तथा ग्राम प्रधान मुकेश राव मौके पर पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों एवं कटान से प्रभावित लोगों ने जनप्रतिनिधियों को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि नदी के लगातार कटान के कारण दाह संस्कार घाट का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सांसद विजय कुमार दुबे एवं विधायक पीएन पाठक ने तत्काल उप जिलाधिकारी कसया तथा सिंचाई विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया। जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को कटान रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य शीघ्र शुरू कराने तथा स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सांसद विजय कुमार दुबे ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकता है और दाह संस्कार घाट को सुरक्षित रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। विधायक पीएन पाठक ने भी अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा समयबद्ध तरीके से कटान निरोधक कार्य कराया जाए।
जनप्रतिनिधियों के आश्वासन और त्वरित पहल से स्थानीय ग्रामीणों ने राहत की उम्मीद जताई तथा समस्या के समाधान के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

