
पटना (एजेंसी)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास का घेराव करने जा रहे कांग्रेस पार्टी के युवा नेता कन्हैया कुमार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया हैं। पुलिस ने कन्हैया कुमार के साथ-साथ यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभान, प्रदेश अध्यक्ष गरीबदास समेत 30 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, कन्हैया कुमार की पदयात्रा ‘पलायन रोको, नौकरी दों’ में शुक्रवार को हंगामा हो गया। बिहार में पलायन और बेरोजगारी के मुद्दे पर पदयात्रा निकालने के दौरान कन्हैया कुमार समेत कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। ये लोग सीएम आवास घेरने जा रहे थे।
इस दौरान पटना पुलिस ने वाटर कैनन चलाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रास्ते में ही रोक दिया। सीएम आवास का घेराव करने निकले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पहले समझाया बुझाया गया, जब कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास जाने का जिद करने लगे तो पुलिस ने वाटर कैनन का प्रयोग कर उन्हें रोकने का काम किया।
इस दौरान पटना की सड़कों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भारी प्रदर्शन देखने को मिला। कन्हैया कुमार आज सदाकत आश्रम से निकलने के बाद अपनी यात्रा के दौरान सीएम हाउस तक जाने वाले थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उनको रोक दिया।