घुघली-महराजगंज। घुघली के टीडी मेमोरियल इंटर कॉलेज में सात दिन तक चले बेसिक स्काउट मास्टर एवं गाइड कैप्टन प्रशिक्षण शिविर का शुक्रवार को ग्रैंड कैंपफायर के साथ भव्य समापन हुआ। शाम ढलते ही कैंपफायर की रोशनी के बीच जब देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ तो पूरा परिसर राष्ट्रप्रेम के जज्बे से भर उठा। प्रशिक्षुओं ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया।
भारत स्काउट एवं गाइड जिला संस्था महराजगंज के तत्वावधान में 31 अगस्त से शुरू हुए सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में जिलेभर से करीब 85 स्काउट मास्टर एवं गाइड कैप्टन ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यालयों में स्काउटिंग गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए प्रशिक्षित नेतृत्व तैयार करना रहा। समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिला मुख्यायुक्त एवं जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा और विशिष्ट अतिथि सरदार पटेल इंटर कॉलेज के प्रबंधक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता जनार्दन गुप्ता रहे। अतिथियों ने प्रशिक्षुओं की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि स्काउटिंग विद्यार्थियों में अनुशासन और सेवा भावना के साथ नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।
वयस्क संसाधन कमिश्नर स्काउट हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि स्काउटिंग का उद्देश्य बच्चों को केवल गतिविधियों में शामिल करना नहीं, बल्कि उन्हें जिम्मेदार और आत्मनिर्भर नागरिक बनाना है। स्काउटिंग के जरिए विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा, सहयोग, आत्मविश्वास, नेतृत्व और राष्ट्रप्रेम जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित स्काउट मास्टर और गाइड कैप्टन इन मूल्यों को विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों तक पहुंचाने में अहम कड़ी साबित होंगे। उन्होंने कहा कि आज के दौर में विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यवहारिक जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार करना भी जरूरी है। स्काउटिंग उन्हें विपरीत परिस्थितियों में धैर्य रखने, टीम के साथ काम करने और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने की सीख देती है।
मुख्य अतिथि प्रदीप कुमार शर्मा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अच्छे संस्कार और जिम्मेदारी की भावना पैदा करना भी है। स्काउटिंग इसी उद्देश्य को मजबूत करती है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से अपने विद्यालयों में नियमित स्काउटिंग गतिविधियां संचालित कर अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इससे जोड़ने की अपील की।
विशिष्ट अतिथि जनार्दन गुप्ता ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के व्यक्तित्व और संस्कार पर निर्भर करता है। स्काउटिंग बच्चों को अनुशासित बनाने के साथ उनमें राष्ट्र और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव पैदा करती है।
शिविर के दौरान प्रशिक्षुओं को स्काउटिंग के विभिन्न सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक पहलुओं का प्रशिक्षण दिया गया।
समापन अवसर पर जिला सचिव संजय मिश्रा, ALT स्काउट अजय गुप्ता, किरन देवी, शशांक गुप्ता, खुश्बू गौंड, गौरी गुप्ता, नीलम त्रिपाठी, दीनदयाल शर्मा, सुश्री मौषम, सुरेश प्रसाद तिवारी, उमेश चन्द, अनिरुद्ध कुमार निराला, सहित प्रशिक्षु और अन्य लोग मौजूद रहे।





