सिसवा बाजार-महराजगंज। स्थानीय नगर के रायपुर चौराहे पर आज सोमवार को उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी, लखनऊ द्वारा संचालित नाद प्रवाह कार्यक्रम के अंतर्गत ग्रीष्मकालीन लोक गायन कार्यशाला का शुभारंभ भाजपा नेता धर्मनाथ खरवार ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने लोक संगीत एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण में ऐसी कार्यशालाओं की महत्वपूर्ण भूमिका बताई। उन्होंने कहा कि लोक कला और संगीत हमारी सांस्कृतिक विरासत हैं, जिन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है।
कार्यशाला के प्रशिक्षक उमा शंकर जायसवाल ने बताया कि यह कार्यशाला 1 जून से 15 जून तक प्रतिदिन शाम 5 बजे से 7 बजे तक आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि संगीत में रुचि रखने वाले सभी लोग इसमें भाग लेकर लोक गायन की बारीकियां सीख सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान शेखर जायसवाल, मयंक मद्धेशिया, अर्पिता सोनी, साक्षी गुप्ता, आशिया, अंजलि गौड़, अमर अंजन, नितेश चौधरी, गोलू कुमार तथा देवेंद्र जायसवाल सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।




