April 16, 2026
सफलता की गूंज: किसान के बेटे आरिफ अंसारी ने 96.6 % अंक पाकर RPIC Convent School का नाम किया रोशन

खड्डा-कुशीनगर। कहते हैं कि अगर इरादे मजबूत हों और हौसलों में उड़ान हो, तो गरीबी और अभाव कभी रास्ते की बाधा नहीं बनते। इस बात को सच कर दिखाया है खड्डा स्थित RPIC Convent School के छात्र आरिफ अंसारी ने। आरिफ ने CBSE बोर्ड कक्षा 10 की परीक्षा में 96.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल अपने स्कूल, बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है।

आरिफ एक बेहद सामान्य परिवार से आते हैं। उनके पिता मुबारक अली पेशे से एक किसान हैं और माता आशिया खातून गृहणी हैं। मुबारक अली ने बताया कि एक मध्यमवर्गीय किसान परिवार होने के नाते घर की आर्थिक स्थिति हमेशा चुनौतीपूर्ण रही। घर में तीन और भाई-बहन होने के कारण सभी की शिक्षा का प्रबंध करना आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने तंगी के बावजूद बच्चों की पढ़ाई में कभी कमी नहीं आने दी।

पिता ने कहां, मैंने बहुत कठिनाइयों का सामना कर आरिफ को पढ़ाया है। कई बार आर्थिक तंगी आड़े आई, लेकिन आरिफ की लगन को देखकर मैंने कभी हार नहीं मानी और उसे एक अच्छे विद्यालय में प्रवेश दिलाया।
आरिफ ने पहले भी कई बड़ी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उनकी इस सफलता में आरपीआईसी कॉन्वेंट स्कूल के शिक्षकों का भी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन रहा है, जिसकी सराहना खुद आरिफ के परिवार ने भी की है।

अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को देते हुए आरिफ ने बताया कि वह भविष्य में एक बेहतर डॉक्टर बनना चाहते हैं। आरिफ का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि चिकित्सा के क्षेत्र में एक मिसाल बनकर देश के जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है।
आरिफ की इस सफलता पर विद्यालय परिवार और क्षेत्र के में खुशी का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!