


मेरठ। माता-पिता के पास सो रहे 10 साल के बच्चे के गर्दन में कामन करैत सांप ने डस लिया, जिसके बाद वह चिल्लाकर उठा, परिजनों ने बिस्तर पर सांप देखा, आरोप है कि अस्पताल ले जाने से पहले परिजन बच्चे को झाड़फूंक कराने के लिए कई जगह ले गए, जिसके बाद मेडिकल अस्पताल पहुंचने तक बच्चे की मौत हो चुकी थी।

गंगानगर क्षेत्र के अम्हेड़ा गांव में शुक्रवार अलसुबह दर्दनाक घटना में कॉमन करैत सांप के डसने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। युग कनिष्का रात में बरामदे में माता-पिता के पास सो रहा था। सुबह करीब चार बजे सांप के डसने के बाद वह चिल्लाकर उठा। परिजनों ने बिस्तर पर सांप देखा।
मिली जानकारी के अनुसार गंगानगर क्षेत्र के अम्हेड़ा गांव निवासी राहुल जो चालक हैं। उनके तीन बच्चों में सबसे छोटा 10 वर्षीय युग था, वह रात में बरामदे में बेड पर माता-पिता के साथ सो रहा था, कि आज शुक्रवार की सुबह लगभग चार बजे युग अचानक चिल्लाते हुए उठा और पिता को बताया कि उसकी गर्दन में तेज चुभन हो रही है। लाइट जलाने पर बेड पर सांप दिखाई दिया। परिजनों के अनुसार, सांप ने युग की गर्दन पर डसा था।
आरोप है कि सांप के डसने के बाद हालत खराब होने पर परिजन उसे कार से पहले मवाना, फिर खेड़की और इसके बाद शोभापुर में झाड़फूंक करने वाले व्यक्ति के पास ले गए, वहां से भी उन्हें वापस कर दिया गया। इसके बाद परिजन युग को मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
10 वर्षीय युग कनिष्का कसेरूबक्सर स्थित ब्राइट लिटिल फ्लावर स्कूल में दूसरी कक्षा में पढ़ता था। वह अपने भाई-बहनों में सबसे छोटा था।






