June 6, 2026
महराजगंज के 22 स्काउट-गाइड प्रतिभागी स्टेट एडवेंचर कार्यक्रम के लिए अल्मोड़ा रवाना

सिसवा बाजार-महराजगंज। उत्तर प्रदेश भारत स्काउट एवं गाइड जनपद महराजगंज के स्काउट, गाइड एवं यूनिट लीडरों का 22 सदस्यीय दल राज्य स्तरीय एडवेंचर कार्यक्रम में प्रतिभाग करने हेतु आज शनिवार को सिसवा रेलवे स्टेशन से उत्तराखंड के अल्मोड़ा जनपद स्थित शीतलाखेत के लिए रवाना हुआ। यह कार्यक्रम 8 जून से 12 जून 2026 तक प्रादेशिक प्रशिक्षण केंद्र, शीतलाखेत (अल्मोड़ा) में आयोजित किया जाएगा।

दल का नेतृत्व जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) शशांक कुमार गुप्त एवं ट्रेनिंग काउंसलर अभिषेक श्रीवास्तव कर रहे हैं। दल में विभिन्न विद्यालयों के स्काउट, गाइड एवं यूनिट लीडर शामिल हैं, जो राज्य स्तरीय साहसिक गतिविधियों, नेतृत्व विकास, टीम भावना एवं व्यक्तित्व निर्माण से संबंधित प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
जानकारी के अनुसार सभी प्रतिभागी 7 जून की शाम तक प्रादेशिक प्रशिक्षण केंद्र, शीतलाखेत पहुंच जाएंगे। इसके उपरांत 8 जून से कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ होगा। पांच दिवसीय इस प्रशिक्षण शिविर में ट्रैकिंग, पर्वतीय गतिविधियां, साहसिक खेल, आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, पर्यावरण संरक्षण तथा नेतृत्व क्षमता विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन, साहस एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करना है।

जिला मुख्यायुक्त एवं जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि ऐसे राज्य स्तरीय कार्यक्रम विद्यार्थियों को नई चुनौतियों का सामना करने, टीमवर्क की भावना विकसित करने तथा प्रकृति के निकट रहकर सीखने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि महराजगंज का दल कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम गौरवान्वित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!