सिसवा बाजार-महराजगंज। विकास खण्ड सिसवा के ग्राम मुडेरी के ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन से गांव के बीच से गुजर रही रेलवे लाइन के नीचे अंडरपास अथवा पुलिया निर्माण कराए जाने की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे लाइन के कारण गांव दो हिस्सों में बंट गया है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है और रोजमर्रा की जिंदगी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने के लिए जान जोखिम में डालकर रेलवे लाइन पार करनी पड़ती है। कई बार अचानक ट्रेन आने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। वहीं महिलाओं को भी प्रतिदिन ट्रैक पार कर बाजार और अन्य जरूरी स्थानों तक जाना पड़ता है, जिससे लोगों में भय का माहौल बना रहता है।
ग्रामीणों ने बताया कि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। एंबुलेंस को लंबा चक्कर लगाकर जाना पड़ता है, जिससे समय की बर्बादी होती है और मरीजों की जान पर खतरा मंडराता रहता है। इसके अलावा गांव के लोगों को बैंक, बाजार और सरकारी कार्यालयों तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है।
ग्रामवासियों ने प्रशासन और रेलवे विभाग से जनहित को ध्यान में रखते हुए रेलवे लाइन के नीचे रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) अथवा पुलिया निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि अंडरपास बनने से लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा संभावित हादसों पर भी प्रभावी रोक लग सकेगी।




