Maharajganj। जनपद में डीजल–पेट्रोल के सुचारू वितरण, अवैध भंडारण एवं बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण तथा पेट्रोल पंपों पर लग रही लंबी कतारों की स्थिति की समीक्षा हेतु जिलाधिकारी
गौरव सिंह सोगरवाल ने पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के साथ संबंधित अधिकारियों की बैठक की। बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनपद में डीजल एवं पेट्रोल की पर्याप्त उपलब्धता है, इसके बावजूद कृत्रिम संकट उत्पन्न करने अथवा अनावश्यक भीड़ लगाने की किसी भी स्थिति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि डीजल–पेट्रोल के अवैध परिवहन, भंडारण एवं बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों को तत्काल चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कुछ तत्व अफवाह फैलाकर एवं अवैध रूप से ईंधन संग्रहित कर अनावश्यक दबाव की स्थिति उत्पन्न करने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे किसी भी दशा में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि अब पेट्रोल पंपों पर डिब्बे में अधिकतम केवल 05 लीटर डीजल ही दिया जाएगा। साथ ही बिना नंबर प्लेट अथवा संदिग्ध वाहनों को डीजल–पेट्रोल देने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि निर्धारित सीमा से अधिक डीजल देने अथवा बिना नंबर की गाड़ियों को तेल उपलब्ध कराने वाले पेट्रोल पंप संचालकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि जनपद के समस्त पेट्रोल पंप प्रतिदिन प्रातः 07:00 बजे से रात्रि 08:00 बजे तक ही तेल की बिक्री करेंगे। निर्धारित समय के बाद किसी भी दशा में बिक्री की अनुमति नहीं होगी तथा इसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सीमावर्ती थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि अवैध रूप से डीजल–पेट्रोल की बिक्री करने वाले तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अवैध भंडारण एवं कालाबाजारी में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान चलाकर कठोर दंडात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने अवैध खनन के विरुद्ध भी सख्त रुख अपनाते हुए सभी तहसीलों में व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से रात्रिकाल में सतर्कता बढ़ाई जाए तथा अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।



