सिसवा बाजार-महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के परसिया गांव में आज रविवार को मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला उपनिरीक्षक नेहा कुमारी एवं महिला कांस्टेबल प्रियंका शाह सहित आंगनबाड़ी कार्यकत्री रंजना पत्नी गोविंद मौजूद रहीं। सम्मेलन में लगभग 45 महिलाओं एवं बालिकाओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को महिला संबंधी अपराधों जैसे छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न, दहेज हत्या, बलात्कार तथा साइबर अपराधों से बचाव एवं कानूनी सहायता के बारे में जानकारी दी गई। मिशन शक्ति टीम ने विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों 112, 1090, 102, 181, 1930 एवं 108 की उपयोगिता बताते हुए जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
सम्मेलन में बालिकाओं के घर से भागने की घटनाओं से उत्पन्न सामाजिक समस्याओं, चुनौतियों एवं दुष्प्रभावों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को सशक्तिकरण, सुरक्षा तथा सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं, विशेषकर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के बारे में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं ने मिशन शक्ति टीम के प्रयासों की सराहना की। कई महिलाओं ने बताया कि अब वे अपनी समस्याओं को हेल्पलाइन नंबरों और संबंधित माध्यमों के जरिए बेझिझक सामने रखने के लिए जागरूक हुईं है।




