महराजगंज। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आज हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। प्रदेश स्तर पर विभिन्न शिक्षा बोर्डों के कुल 1682 मेधावियों को सम्मान प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, संस्कृत शिक्षा परिषद, सीबीएसई एवं सीआईएससीई बोर्ड की टॉप-10 सूची में शामिल मेधावियों को एक लाख रुपये का चेक, टैबलेट, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इसी क्रम में जनपद महराजगंज के कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के मेधावी छात्र-छात्राओं को 21-21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल ने सम्मानित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी लगन, अनुशासन और कठिन परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज सम्मानित होने वाले सभी छात्र-छात्राएं अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी ये विद्यार्थी शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने परिवार, समाज और जनपद का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने सभी मेधावियों एवं उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
विधायक पनियरा ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थी जीवन का यह महत्वपूर्ण चरण भविष्य की दिशा और दशा निर्धारित करता है। उन्होंने कहा कि आज की सफलता इस बात का प्रमाण है कि विद्यार्थियों ने सही दिशा में परिश्रम किया है। आवश्यकता इस बात की है कि वे अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर समर्पित रहें। उन्होंने मोबाइल एवं डिजिटल संसाधनों के सकारात्मक उपयोग पर बल देते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक ज्ञान अर्जित करने का सशक्त माध्यम है, किंतु इसके दुरुपयोग से बचना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर एकाग्रचित्त होकर प्रयास करने की सलाह दी।
विधायक फरेंदा ने कहा कि हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट स्तर पर प्राप्त यह सफलता विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि सम्मान प्राप्त करना गौरव की बात है, किंतु इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए निरंतर अध्ययन, अनुशासन और परिश्रम आवश्यक है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को आगे की शैक्षिक यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि जिला प्रशासन को अपने मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए अत्यंत प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान उपलब्धि को अंतिम लक्ष्य न मानते हुए इसे आगे की सफलताओं की शुरुआत के रूप में देखें। आने वाले वर्षों में निरंतर परिश्रम, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के माध्यम से वे उच्च शैक्षिक एवं व्यावसायिक उपलब्धियां प्राप्त कर सकते हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने समारोह के अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
सम्मानित विद्यार्थियों में हाईस्कूल वर्ग से विजय लक्ष्मी, आयुषी, अनामिका, आस्था, दीक्षा, रितिका, अदिति, अवंतिका, हाजरा खातून एवं कशिश शामिल रहीं। हाईस्कूल परीक्षा में जनपद के कुल 39,067 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 37,057 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए तथा 34,374 विद्यार्थी सफल घोषित हुए।
इसी प्रकार इंटरमीडिएट वर्ग से विश्वम्भर, सत्यम, पवन, सचिन, शबनम, सौरभ, सरस्वती, स्मिता, आस्था सहित कुल 11 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इंटरमीडिएट परीक्षा में जनपद के कुल 32,707 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 31,185 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए तथा 27,166 विद्यार्थी सफल घोषित हुए। जनपद का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 87.11 रहा, जो विद्यार्थियों की मेहनत एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन का सकारात्मक परिणाम है।
इससे पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक ने उपस्थित अतिथियों को पुष्प गुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ देवी सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
कार्यक्रम में विधायक सदर जयमंगल कन्नौजिया, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में मेधावी छात्र/छात्राएं और उनके परिजन उपस्थित रहे।




