कसया-कुशीनगर। विकास खंड हाटा के उच्च प्राथमिक विद्यालय धूसी टोला, महुई बुजुर्ग को राज्यस्तरीय उत्कृष्ट विद्यालय के रूप में सम्मानित किया गया है। विद्यालय की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
बीआरसी हाटा सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कॉलेज ऑफ टीचर एजुकेशन, प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) द्वारा प्रदत्त मेडल, मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र खंड शिक्षा अधिकारी अखिलेश कुमार सिंह ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरेन्द्र सिंह को प्रदान किया। विद्यालय को यह सम्मान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार और शिक्षकों के समर्पित प्रयासों के आधार पर प्राप्त हुआ।
प्रधानाध्यापक सुरेन्द्र सिंह ने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यालय के शिक्षक जयंत सिंह, अर्चना विश्वकर्मा एवं देवराज प्रसाद की कड़ी मेहनत, लगन और टीम भावना को दिया। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षकों के सामूहिक प्रयास से विद्यालय ने राज्य स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है।
विद्यालय की इस उपलब्धि पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुधीर राव, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कमलेश सिंह पटेल, विवेकानंद दूबे, रामदिनेश सिंह, रामप्रवेश यादव, निरपेन्द्र सिंह, योगेन्द्र सिंह, सुनील सिंह, योगेश सिंह, मदन गोपाल पाठक तथा मिशन शिक्षण संवाद जिला टीम कुशीनगर के मंजु सिंह, सूर्य प्रताप, विजय कनौजिया, मनोज सिंह पटेल, अखिलेश कुमार, शैलेश गोंड, रामप्रताप सिंह, सोनू विश्वकर्मा, रत्नेश कुमार, आदित्य कुमार सिंह, उपेन्द्र कुमार सिंह सहित अनेक लोगों ने विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

