


खड्डा-कुशीनगर। मठिया स्थित आर.पी.आई.सी. कॉन्वेंट स्कूल में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन हर्षाेल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कुशीनगर सांसद विजय दुबे तथा विशिष्ट अतिथि खड्डा विधायक विवेकानंद पांडेय रहे। अतिथियों ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षा सहित विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। विद्यालय के प्रबंधक इंजीनियर नीरज तिवारी ने सांसद विजय दुबे का माल्यार्पण कर स्वागत किया, जबकि सह-प्रबंधक धीरज तिवारी ने विधायक विवेकानंद पांडेय का स्वागत किया।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद विजय दुबे ने कहा कि विद्यालय के बच्चे ही देश का भविष्य हैं। कठिन परिश्रम और सही मार्गदर्शन के बल पर विद्यार्थी किसी भी लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं। विधायक विवेकानंद पांडेय ने विद्यार्थियों को अनुशासन के साथ निरंतर आगे बढ़ने और मन लगाकर शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह का मुख्य आकर्षण सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान रहा। गुलसन यादव, आरिफ अंसारी, आदर्श वर्मा, मधु कुशवाहा, स्पंदिका सिंह, शिवानी, दिव्यांश कुशवाहा, अयांश कुमार, अंकिता कुमारी, प्रखर जायसवाल, आरोही कुशवाहा, विभु देव, मिहिर, अवनी गुप्ता, सौर्य चित्रांश, पलक जायसवाल और उत्कर्ष यादव सहित अन्य मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
विद्यालय में 98.79 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल करने वाले टॉपर आलोक कुशवाहा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। विद्यालय की अनूठी परंपरा के तहत आलोक कुशवाहा की माता को उनके वजन के बराबर 51 प्रकार के फल उपहार स्वरूप भेंट किए गए। इस परंपरा ने समारोह में उपस्थित लोगों का विशेष रूप से ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में सभी कक्षाओं के मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। समारोह को सफल बनाने में उपप्रधानाचार्य अश्वनी कुमार, विद्यालय इंचार्ज सुनील पाण्डेय सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








