

छितौनी-कुशनीगर। छितौनी नगर पंचायत स्थित सुप्रसिद्ध पथलेश्वरनाथधाम में श्रावण मास के अंतिम सोमवार को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता जनसेवक पवन दूबे द्वारा महा भंडारे का आयोजन किया गया। इस महाभंडारा में हजारों श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक खिचड़ी और दही का प्रसाद ग्रहण किया।

विदित हो कि नारायणी नदी के पास पनियहवा में भगवान शिव के स्वयंभू शिवलिंग बाबा पथलेश्वरनाथ में जल चढ़ाने के लिए श्रावण मास में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। मंदिर आने के सभी मार्गों पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक व्यवस्था भी चाक चौबंद रहती है। बाबा पथलेश्वरनाथ का दर्शन कर जल चढ़ाने के लिए मंदिर में दूर दूर से श्रद्धालु भक्त आते हैं। प्रत्येक सोमवार को यहां बड़ा मेला भी लगता है। दूरदराज के लोगों की सेवा के लिए ही इस महा भंडारे का आयोजन किया गया था।
इस महा भंडारे का शुभारंभ पीठाधीश्वर डॉ सत्येंद्र गिरी जी महाराज जी ने पूजन अर्चन से किया। तत्पश्चात श्रीमती स्वेतलाना दूबे के नेतृत्व में दर्जनों क्षेत्रीय युवकों ने इस महाभंडारे में प्रसाद वितरित किया। भंडारे में महिला श्रद्धालुओं, बच्चों, बुजुर्गों, संत समाज एवं दुकानदारों तक नौजवान सेवादारों ने स्वयं पहुंचकर प्रसाद वितरित किया।






