नौतनवा-महराजगंज। भारत-नेपाल संबंधों को और मजबूत करने के उद्देश्य से प्रेस क्लब ऑफ महराजगंज के तत्वाधान में तृतीय वर्ष भारत-नेपाल पत्रकार मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच का आयोजन 18 अप्रैल शनिवार को नौतनवां इंटर कॉलेज नौतनवा के खेल मैदान पर किया जाएगा।
जिसमें दोनों देशों के पत्रकार बड़ी संख्या में हिस्सा लेंगे। इस मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच को लेकर शुक्रवार को नौतनवा के एक सभागार में भारतीय मीडिया टीम के कप्तान एवं प्रेस क्लब ऑफ महराजगंज के अध्यक्ष अमित त्रिपाठी एवं नेपाली टीम के कप्तान एवं लुंबिनी प्रेस क्लब नेपाल के अध्यक्ष कमल राय माझी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विजेता और उपविजेता ट्रॉफी का अनावरण किया।

भारतीय मीडिया टीम के कप्तान अमित त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत और नेपाल का संबंध काफी पुराना है इन संबंधों को और मजबूत करने के उद्देश्य से तृतीय वर्ष में इस मैच के आयोजन को लेकर भारतीय मीडिया टीम काफी उत्साहित है। इस तरह के आयोजन से रोटी-बेटी के संबंधों को बढ़ावा देते हुए और मजबूती आएगी।
इस दौरान नेपाली मीडिया टीम के कप्तान कमल राय माझी ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से दोनों देशों के पत्रकारों द्वारा विगत कई वर्षों से कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किया जा रहे हैं जिसमें क्रिकेट मैच का भी एक अहम योगदान है। दोनों देशों की भाषा सभ्यता और संस्कृति एक ही है। सीमा की रेखा भले ही दोनों देशों की अलग है लेकिन हम एक ही हैं। ऐसे में इन संबंधों को और मजबूत और प्रगाढ़ करने के लिए आगे और भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिससे संबंधों को और मजबूत किया जा सके।
मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी एवं एसएसबी 66वीं बटालियन के कमांडेंट जगदीश प्रसाद धाबाई मौजूद रहेंगे। इस मौके पर नेपाली मीडिया टीम के दीपेंद्र बडुआल, विष्णु भट्टराई, रविंद्र गुप्ता, शंकर पांडे, राधेश्याम विश्वकर्मा एवं भारतीय मीडिया की तरफ से राहुल त्रिपाठी, अतीक अहमद, आलोक जोशी, सुदेश त्रिपाठी, अजय जायसवाल, संजय जायसवाल, राजा अग्रहरि, अंगद शर्मा, रोहित कनौजिया, दिनेश जायसवाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकारगण मौजूद रहे।


