July 6, 2026
एस.एस. इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों को दी गयी अग्नि सुरक्षा का व्यावहारिक प्रशिक्षण

सिसवा बाजार-महराजगंज। सिसवा फायर ब्रिगेड द्वारा एस.एस. इंटर कॉलेज करमही के विद्यार्थियों में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज सोमवार को विशेष अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में फायर ब्रिगेड की टीम ने गैस रिसाव, शॉर्ट सर्किट तथा अन्य कारणों से आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ से कार्य करने, समय रहते सूचना देने, सुरक्षित तरीके से बाहर निकलने तथा प्रारंभिक स्तर पर आग पर नियंत्रण पाने के प्रभावी उपायों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों को अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) के सही एवं सुरक्षित उपयोग की जानकारी भी दी गई तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों से अवगत कराया गया।

प्रशिक्षण का नेतृत्व सिसवा फायर ब्रिगेड के अग्निशमन अधिकारी सुरेश प्रसाद ने किया। उनके साथ एफ.एम. विजय कुमार एवं एफ.एम. आकाश मौर्य कुशवाहा ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव के विभिन्न उपायों का विस्तृत प्रशिक्षण दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक अजय कुमार मिश्र, प्रधानाचार्य विजय कुमार मिश्र, शिक्षक मनीष विश्वकर्मा, बेलाल खाँ, राहुल विश्वकर्मा, आलोक पटेल, सिंहासन मौर्य, आकाश पांडेय, श्रीमति बविता पाण्डेय, श्रीमति अर्चना पाठक, श्रीमति संगीता चौहान, सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन ने सिसवा फायर ब्रिगेड की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण विद्यार्थियों में आपदा प्रबंधन, सुरक्षा जागरूकता एवं आत्मविश्वास विकसित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!