January 15, 2026
भारत की पहली महिला ऑडियो इंजीनियर डॉ. साजिदा खान को विंध्य गौरव सम्मान 2026

भोपाल। भारत की पहली महिला ऑडियो इंजीनयर, सामाजिक नेतृत्वकर्ता एवं शिक्षाविद् डॉ. साजिदा खान को उनके ऐतिहासिक योगदान और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए विंध्य गौरव सम्मान 2026 से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान समारोह 16 जनवरी 2026 को भोपाल, मध्य प्रदेश में आयोजित किया जाएगा।

डॉ. साजिदा खान ऑडियो इंजीनियरिंग के क्षेत्र में देश की पहली महिला म्यूज़िक टेक्नीशियन के रूप में जानी जाती हैं। उन्होंने पुरुष-प्रधान तकनीकी क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, परिश्रम और संकल्प के बल पर एक नई पहचान स्थापित की है। उनका कार्य न केवल तकनीकी उत्कृष्टता का उदाहरण है, बल्कि यह देश की लाखों बेटियों के लिए प्रेरणा स्रोत भी है।
उनके अभूतपूर्व योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर तब विशेष पहचान मिली, जब वर्ष 2018 में उन्हें तत्कालीन राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद द्वारा प्रतिष्ठित फर्स्ट लेडीज़ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान देश की उन 112 महिलाओं को प्रदान किया गया था, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में पहली बार इतिहास रचा।

विंध्य गौरव सम्मान समिति एवं जूरी द्वारा डॉ. साजिदा खान का चयन उनके तकनीकी नवाचार, सामाजिक योगदान और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रेरणादायी कार्यों को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
इस अवसर पर डॉ. साजिदा खान ने विष्णु मिश्रा जी, विंध्य गौरव सम्मान समिति, जूरी सदस्यों तथा सुरजीत सिंह जी एवं संबंधित संस्था के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें समाज और देश के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!