सिसवा बाजार-महराजगंज। युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह को आज गुरुवार को असमन टोला के निकट स्थित गिरनारी खेखड़ा घाट पर पूरे प्रशासनिक प्रबंधन के बीच नम आखों से अंतिम संस्कार किया गया, मुखाग्नि दिए जाने के साथ ही राहुल पंचतत्व में विलीन हो गए। इस दौरान घाट पर परिजनों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों की भारी भीड़ मौजूद रही। हर आंख नम थी और माहौल पूरी तरह गमगीन बना रहा। बताते चले युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह लखनऊ के विभूति खंड स्थित एक होटल में मृत पाए गए थे।
बुधवार देर रात उपजिलाधिकारी निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता एवं क्षेत्राधिकारी रविन्द्र सिंह की मौजूदगी में राहुल का पार्थिव शरीर उनके पैतृक आवास सिसवा नगर के इंदिरा नगर वार्ड असमन छपरा पहुंचा। शव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचे और श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी विदाई दी।
आज गुरुवार सुबह शवयात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। पूरे मार्ग में लोगों ने नम आंखों से राहुल को अंतिम विदाई दी।
दोपहर में जिलाधिकारी महराजगंज गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी मृतक राहुल सिंह के आवास पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष, गहन एवं पारदर्शी जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता, खंड विकास अधिकारी अर्जुन चौधरी, एडीओआई एसबी सुजीत गौड़, थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा, चौकी प्रभारी दिव्य प्रकाश मौर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे क्षेत्र में राहुल सिंह के असामयिक निधन को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है।



