महराजगंज। निचलौल क्षेत्र में नहर में कूदी महिला की जान बचाने वाले कक्षा 10 के दो बहादुर छात्रों को जिलाधिकारी महराजगंज द्वारा अपने कार्यालय में आमंत्रित कर प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि दोनों छात्रों ने अपनी जान की परवाह किए बिना संकट में फंसी महिला की सहायता कर अदम्य साहस और मानवता का परिचय दिया है। उनका यह कार्य अत्यंत सराहनीय एवं अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे साहसिक कार्य समाज में मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करते हैं और युवाओं को विपरीत परिस्थितियों में निस्वार्थ भाव से दूसरों की मदद करने की प्रेरणा देते हैं। आप जैसे बच्चे समाज और देश की अमूल्य धरोहर हैं।
ज्ञातव्य है कि थाना निचलौल क्षेत्रान्तर्गत एक महिला द्वारा नहर में छलांग लगाने की सूचना प्राप्त होने पर स्थानीय पुलिस तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस टीम के पहुँचने से पूर्व ही मौके पर मौजूद दो बहादुर युवकों कृष्णा गुप्ता निवासी सेखुई, थाना चौक तथा सद्दाम हुसैन निवासी कोहडवल, थाना निचलौल, दोनों छात्र मसीह सेवाश्रम इंटर कॉलेज की कक्षा 10 में अध्ययनरत हैं, ने बिना अपनी जान की परवाह किए नहर के तेज बहाव में उतरकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
दोनों छात्रों की इस बहादुरी की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ने उन्हें कार्यालय में बुलाकर व्यक्तिगत रूप से सम्मानित किया। साथ ही उनके विद्यालय के प्रधानाचार्य को भी स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों में साहस, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित किया जाना आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला सूचना अधिकारी को दोनों छात्रों के नाम राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार हेतु प्रेषित किए जाने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि इन छात्रों का साहस निश्चित रूप से अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।




