June 28, 2026
कर्तव्य पथ फाउंडेशन ने खंडित देवी-देवताओं की मूर्तियों एवं धार्मिक चित्रों के सम्मान हेतु प्रत्येक वार्ड में संग्रह केंद्र स्थापित करने की मांग की

मीरा-भायंदर। समाजसेवी संस्था कर्तव्य पथ फाउंडेशन ने मीरा-भायंदर महानगरपालिका की महापौर डिंपल विनोद मेहता को ज्ञापन सौंपकर शहर के प्रत्येक वार्ड में ‘खंडित देवी-देवताओं की मूर्तियों एवं धार्मिक चित्र संग्रह केंद्र’ स्थापित करने की मांग की है। इस संबंध में संस्था ने वार्ड क्रमांक-10 की नगरसेविका कविता सुशील त्रिपाठी को भी ज्ञापन की प्रति सौंपकर सहयोग का अनुरोध किया है।

संस्था के अध्यक्ष आकाश सिंह ने बताया कि कर्तव्य पथ फाउंडेशन पिछले काफी समय से ‘भगवान सम्मान बचाओ अभियान’ के माध्यम से मीरा-भायंदर शहर में धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का कार्य कर रही है। अभियान के अंतर्गत अब तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों से 1000 से अधिक खंडित देवी-देवताओं की मूर्तियों एवं धार्मिक चित्रों का सम्मानपूर्वक संग्रह कर उनका विधिवत विसर्जन किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि आज भी अनेक स्थानों पर खंडित मूर्तियाँ एवं धार्मिक चित्र सड़क किनारे, सार्वजनिक स्थलों, पेड़ों के नीचे अथवा कचरे के साथ पड़े दिखाई देते हैं। यह न केवल धार्मिक भावनाओं को आहत करता है, बल्कि देवी-देवताओं के प्रति अनादर की स्थिति भी उत्पन्न करता है।

इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए संस्था ने महानगरपालिका से प्रत्येक वार्ड में स्थायी संग्रह केंद्र स्थापित करने की मांग की है, जहाँ नागरिक सम्मानपूर्वक खंडित मूर्तियाँ एवं धार्मिक चित्र जमा कर सकें। इसके पश्चात महानगरपालिका द्वारा निर्धारित समय पर उनका विधिवत एवं सम्मानजनक विसर्जन कराया जाए।
संस्था का मानना है कि इस व्यवस्था से धार्मिक आस्था का संरक्षण होगा, सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनी रहेगी, नागरिकों को सम्मानजनक विकल्प उपलब्ध होगा तथा समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
कर्तव्य पथ फाउंडेशन ने महानगरपालिका प्रशासन से जनभावनाओं से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर सकारात्मक निर्णय लेकर शीघ्र कार्यवाही करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!