छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) महाराष्ट्र। इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन के तत्वावधान में आगामी 18 अगस्त 2026, दिन मंगलवार, सुबह 10:00 बजे, सभागार मातोश्री लान्स, अंबड रोड, जालना, महाराष्ट्र में आयोजित होने वाले नौवें अन्तर्राष्ट्रीय पत्रकार सम्मान एवं सम्मेलन की सफलता को लेकर इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन मराठवाड़ा प्रदेश इकाई की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मराठवाड़ा सहित महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों से पत्रकारों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने तथा सम्मेलन को ऐतिहासिक और सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद ताबिश ने की, जबकि संचालन प्रदेश महासचिव मिर्जा शफीक बेग ने किया। बैठक में उपस्थित पत्रकारों ने एक स्वर में सम्मेलन को सफल बनाने का संकल्प लेते हुए कहा कि पत्रकार समाज की आवाज हैं और पत्रकारों के सम्मान, अधिकार, सुरक्षा एवं स्वाभिमान की रक्षा के लिए संगठित प्रयास समय की आवश्यकता है।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद ताबिश ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है। पत्रकार विपरीत परिस्थितियों में भी समाज की समस्याओं, भ्रष्टाचार, अन्याय और जनहित के मुद्दों को सामने लाने का कार्य करते हैं। इसके बावजूद पत्रकारों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जालना में होने वाला नौवां अन्तर्राष्ट्रीय पत्रकार सम्मान एवं सम्मेलन केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि पत्रकारों के अधिकार, हित, सुरक्षा और भविष्य को लेकर गंभीर मंथन का राष्ट्रीय मंच होगा।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन में देश-विदेश के प्रख्यात पत्रकार एवं पत्रकारिता से जुड़े प्रतिनिधि पत्रकारों की समस्याओं पर अपने विचार रखेंगे तथा केन्द्र और राज्य सरकारों से पत्रकार हित में आवश्यक कदम उठाने की मांग को मजबूती से उठाया जाएगा।
प्रदेश महासचिव मिर्जा शफीक बेग ने कहा कि संगठन की प्राथमिकता पत्रकारों को केवल सम्मान देना नहीं, बल्कि उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक और संगठित करना भी है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के लिए बेहतर कार्य वातावरण, सुरक्षा, सम्मानजनक पारिश्रमिक, अधिमान्यता की प्रक्रिया में पारदर्शिता, पत्रकार कल्याण योजनाओं का लाभ तथा जरूरतमंद पत्रकारों के परिवारों के लिए सहायता जैसे विषयों को सम्मेलन में प्रमुखता से उठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में पत्रकारों की समस्याओं को चिन्हित कर प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचाने की व्यवस्था मजबूत की जाएगी। संगठन पत्रकारों के बीच आपसी भाईचारा, एकता और सहयोग की भावना को बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास करेगा।
प्रदेश संगठन सचिव सैय्यद अनवर कादरी ने कहा कि पत्रकारों की सबसे बड़ी ताकत उनकी एकता और निष्पक्ष पत्रकारिता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को अपने अधिकारों के लिए संवैधानिक और लोकतांत्रिक तरीके से आवाज बुलंद करनी होगी। संगठन की ओर से पत्रकारों के लिए जागरूकता कार्यक्रम, प्रशिक्षण शिविर, पत्रकारिता से जुड़े कानूनी विषयों पर मार्गदर्शन तथा डिजिटल पत्रकारिता की नई तकनीकों से परिचित कराने की योजनाओं पर भी काम किया जाएगा।
बैठक में पत्रकारों के मान-सम्मान और स्वाभिमान के उत्थान को लेकर कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर चर्चा की गई। इनमें पत्रकारों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था, पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को मजबूत करना, पत्रकारों के लिए स्वास्थ्य एवं कल्याण संबंधी योजनाओं की पैरवी, आर्थिक रूप से कमजोर पत्रकारों की सहायता, पत्रकारों के बच्चों की शिक्षा में सहयोग, वरिष्ठ पत्रकारों के सम्मान, महिला पत्रकारों के लिए सुरक्षित कार्य वातावरण, ग्रामीण पत्रकारों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों को नियमित रूप से सम्मानित करने जैसे विषय प्रमुख रहे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जालना सम्मेलन में अधिक से अधिक पत्रकारों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मराठवाड़ा सहित महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों में संपर्क अभियान चलाया जाएगा। जिला इकाइयों को सम्मेलन की जानकारी पत्रकार साथियों तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक संख्या में प्रतिनिधियों को जालना पहुंचाने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
प्रदेश इकाई ने बताया कि सम्मेलन में छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद), आहिल्याबाई नगर (अहमदनगर), बीड़, बुलढाणा, हिंगोली, परभणी, वर्धा, यवतमाल, पालघर, ठाणे, जलगांव, लातूर, उस्मानाबाद, रत्नागिरी, नासिक, नांदेड, पुणे, अकोला, वाशिम, नागपुर, चंद्रपुर सहित महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों से सैकड़ों पत्रकारों के शामिल होने की संभावना है।
वक्ताओं ने कहा कि जालना में होने वाला यह सम्मेलन पत्रकारों की एकजुटता का संदेश देगा और पत्रकारिता के मान-सम्मान एवं स्वाभिमान को नई मजबूती प्रदान करेगा। सम्मेलन के माध्यम से पत्रकारों की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने तथा सरकार और प्रशासन तक पत्रकारों की वास्तविक समस्याओं और अपेक्षाओं को पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित पत्रकारों ने नौवें अन्तर्राष्ट्रीय पत्रकार सम्मान एवं सम्मेलन को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने, पत्रकारों की एकता को मजबूत करने और पत्रकार हितों की आवाज को बुलंद करने का सामूहिक संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष मराठवाड़ा मोहम्मद ताबिश, प्रदेश महासचिव मिर्जा शफीक बेग, प्रदेश संगठन सचिव सैय्यद अनवर कादरी, अजीम खान, शेख शाकिर, शेख सलीम, मोहम्मद जाकिर अहमद सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

